एंकर - ग्वालियर के आंतरी थाना क्षेत्र में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण ट्रक हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज ग्वालियर पहुंचे। उन्होंने ट्रॉमा सेंटर में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और परिजनों से बात की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, सांसद और विधायक भी मौजूद रहे।
मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, कल ही हमारे मंत्री और माननीय सिंधिया जी भी इस घटना से प्रभावित लोगों के पास तुरंत गए थे। जितना चिकित्सा में जो अच्छा हो सकता है, वो हम सब करने के लिए तत्पर हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जो गंभीर घायल हैं, उनके बेहतर इलाज के लिए जरूरत पड़ने पर एयर एम्बुलेंस तक की व्यवस्था की जाएगी। डॉक्टरों की रिपोर्ट के अनुसार कल की तुलना में आज घायलों की स्थिति में काफी सुधार है, एक-दो मरीजों को लेकर जरूर विशेष केयर की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने राहत राशि की घोषणा की है, साथ ही पूरे मामले में कड़ी कार्रवाई की गई है और पूरी घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। समीक्षा की जा रही है, आवश्यकता पड़ी तो और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे समय में सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर एक व्यक्ति की चिंता करना सरकार का काम है। जो भी दोषी होगा, उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।