डीएम और एसपी ने किया छठ घाटों का निरीक्षण।
अररिया। लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी विनोद दूहन एवं पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से रानीगंज, फारबिसगंज, नरपतगंज, कुर्साकांटा एवं सिकटी प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को घाटों पर बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीएम एवं एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के साथ साफ-सफाई एवं रोशनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि छठ महापर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।