
विगत 5 माह से 'A' ग्रेड प्राप्त कर रहे जिले में जनसमस्याओं के निराकरण में उदासीनता बर्दाश्त नहीं- कलेक्टर श्री यादव
==
सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की बड़ी कार्रवाई
==
बटियागढ़ के वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी दिनेश कुमार पटेल तत्काल प्रभाव से निलंबित
==
सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज आमजन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही एवं उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की अनदेखी करने पर विकासखंड बटियागढ़ के वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी दिनेश कुमार पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
विगत 5 माह से दमोह जिला 'A' ग्रेड पर कायम
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन एवं मैदानी अमले के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप जिला विगत 5 माह से लगातार राज्य स्तर पर सीएम हेल्पलाइन की रैंकिंग में 'A' ग्रेड प्राप्त कर रहा है। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
आवेदन खोलकर तक नहीं देखे, 10 केस 'Not Attended' छोड़े
समीक्षा के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी (बटियागढ़) दिनेश कुमार पटेल द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज आवेदनों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा था। प्रकरणों का समय पर निराकरण करने के बजाय वे आवेदनों को बिना खोले ही 'Not Attended' श्रेणी में छोड़ रहे थे। चालू माह में भी उनके स्तर पर लगभग 10 शिकायतें बिना किसी कार्रवाई के 'Not Attended' पाई गईं।
अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी
कलेक्टर श्री यादव के द्वारा दिए निर्देशों के बावजूद कार्यशैली में सुधार न परिलक्षित होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए यह निलंबन आदेश जारी किया गया है।
उन्होने कहा सीएम हेल्पलाइन का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशीलता के साथ समाधान करना है। अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ जनसमस्याओं का निवारण सुनिश्चित करें।