
पारिवारिक कारणों से रामलीला समिति अध्यक्ष पद से मोहित तिवारी का इस्तीफा
सोरों शूकरक्षेत्र। गोस्वामी तुलसीदास रामलीला समिति, तीर्थनगरी सोरों शूकरक्षेत्र के नवनियुक्त अध्यक्ष मोहित कुमार तिवारी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने संरक्षक मंडल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपकर जो विश्वास जताया गया, उसके लिए वे समिति के सभी पदाधिकारियों और संरक्षक मंडल के प्रति कृतज्ञ हैं।
मोहित कुमार तिवारी ने अपने बयान में कहा कि पारिवारिक समस्याओं और निजी परिस्थितियों के चलते वह अध्यक्ष पद की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में स्वयं को असमर्थ महसूस कर रहे हैं। इसी कारण उन्होंने अपनी पूरी कार्यकारिणी सहित अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि समिति और रामलीला के प्रति उनकी आस्था और सम्मान हमेशा बना रहेगा तथा भविष्य में भी वह समिति के हित में सहयोग करते रहेंगे।
मोहित तिवारी के इस्तीफे के बाद समिति में नए अध्यक्ष और कार्यकारिणी के गठन को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। समिति के पदाधिकारी जल्द ही आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श कर सकते हैं।
"मैं संरक्षक मंडल का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुझे अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी। किन्तु पारिवारिक समस्याओं के कारण मैं इस पद पर रहते हुए दायित्वों का निर्वहन करने में असमर्थ हूं। इसलिए मैं अपनी कार्यकारिणी सहित गोस्वामी तुलसीदास रामलीला समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देता हूं।" — मोहित कुमार तिवारी।
#kasganjnews #soron