
मुख्यमंत्री के मुजफ्फरपुर दौरे को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी, कई मार्गों पर रहेगा प्रवेश प्रतिबंधित
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुख्यमंत्री के 12 जुलाई को प्रस्तावित मुजफ्फरपुर दौरे को लेकर जिला पुलिस प्रशासन ने विस्तृत यातायात प्लान जारी किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम के दौरान सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी रोक रहेगी।
प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर आने वाली बसों की पार्किंग सिकंदरपुर स्टेडियम में की जाएगी। वीवीआईपी वाहनों के लिए एमआईटी के गेट संख्या-1 से प्रवेश कर दाहिनी ओर मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं सामान्य वाहनों की पार्किंग सीपीडब्ल्यूडी मैदान में होगी। आवश्यकता पड़ने पर ट्रिकिनियां रोड और मार्बल गली में भी अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इस दौरान दादर पुलिस लाइन चौक से लक्ष्मी चौक, लक्ष्मी चौक से पुलिस लाइन, रानीसती मंदिर (सिकंदरपुर चौक) से सिकंदरपुर स्टेडियम तथा करबला चौक से सिकंदरपुर स्टेडियम जाने वाले मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
हालांकि, एम्बुलेंस, अग्निशमन और अन्य आपातकालीन सेवा वाहनों के आवागमन के लिए आवश्यकता अनुसार मार्ग उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को वैध एडमिट कार्ड दिखाने पर आवश्यकतानुसार संबंधित मार्ग से आने-जाने की अनुमति दी जाएगी।
इसके साथ ही मुजफ्फरपुर पुलिस के साइबर सेल एवं सोशल मीडिया सेल द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट बिना सत्यापन के साझा न करें। यदि ऐसी कोई पोस्ट दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।