
थाईलैंड में आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिता में समर्थ ढिल्लों ने झटका पदक
थाईलैंड में आयोजित ताइक्वांडों प्रतियोगिता में गांव हथीरा निवासी समर्थ ढिल्लों ने कांस्य पदक प्राप्त किया है। समर्थ ढिल्लों ने यह पदक आयु वर्ग-16 श्रेणी में प्राप्त किया है। समर्थ ने थाईलैंड के पुन्नापत को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। समर्थ के पदक जीतने पर गांव में खुशी का माहौल है। समर्थ के पिता कुलदीप ढिल्लों ने बताया कि थाईलैंड में 9वीं ताइक्वांडों प्रतियोगिता में समर्थ ने कांस्य पदक जीता है। इस प्रतियोगिता में 27 देशों के खिलाडिय़ों ने भाग लिया। समर्थ ने विपक्षी खिलाडिय़ों को कड़ी शिकस्त देते हुए सेमीफाइनल तक का सफर तय किया और अंतत: कांस्य पदक जीतकर देश के तिरंगे का मान बढ़ाया। उन्होने बताया कि 10 वर्षीय समर्थ ढिल्लों बीआर इंटरनेशनल स्कूल में पांचवी कक्षा का छात्र है।
समर्थ के कोच सुरजीत सिंह ने कहा कि कुरुक्षेत्र की स्टे फिट एकेड़मी के खिलाड़ी समर्थ ढिल्लों ने कांस्य पदक जीतकर देश, प्रदेश व कुरुक्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होने बताया कि समर्थ ढिल्लों होनहार खिलाड़ी है। इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना बहुत बड़ी बात है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस ताइक्वांडो प्रतियोगिता का मुकाबला बेहद कड़ा था लेकिन समर्थ ने अपनी तकनीक, फुर्ती और मानसिक मजबूती का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं कांस्य पदक जीतने की सूचना मिलते ही समर्थ ढिल्लों के पैतृक गांव हथीरा में जश्न का माहौल बन गया। समर्थ के घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
फोटो परिचय
कुरुक्षेत्र। विजेता समर्थ ढिल्लों कांस्य पदक के साथ थाईलैंड में।