
मुजफ्फरपुर में राजस्व कर्मियों पर DM का सख्त एक्शन, लापरवाही पर FIR और विभागीय कार्रवाई का आदेश
जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने सरकारी कार्यों में लापरवाही, अनियमितता और नियमों की अनदेखी को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। मुशहरी और मोतीपुर अंचल के दो राजस्व कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। मुशहरी अंचल के राजस्व कर्मचारी वीरेन्द्र राम पर वसीयतनामा से जुड़े दाखिल-खारिज मामले में गंभीर लापरवाही और दस्तावेज में छेड़छाड़ के आरोप हैं। उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ निलंबन की कार्रवाई के लिए पूर्वी चंपारण के समाहर्ता को पत्र भेजा गया है।
वहीं, मोतीपुर अंचल के राजस्व कर्मचारी नागेन्द्र कुमार ठाकुर के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। मामला BIADA की 16.86 एकड़ सरकारी जमीन की अवैध जमाबंदी कर निजी व्यक्तियों को हस्तांतरित किए जाने से जुड़ा है। उनके खिलाफ आरोप पत्र प्रपत्र-‘क’ गठित कर विभागीय जांच की प्रक्रिया शुरू की गई है।
डीएम कुमार गौरव ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि और राजस्व मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले अधिकारी और कर्मियों पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई होगी।