
शहर आए स्वास्थ्य मंत्री तो सदर अस्पताल का लिंक नहीं हुआ फेल, पर्ची भी कटी
मुजफ्फरपुर। सदर अस्पताल में पर्ची कटाने के दौरान लिंक फेल होने की समस्या को लेकर मरीजों और उनके परिजनों को अक्सर परेशानी का सामना करना पड़ता है। लेकिन सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान सदर अस्पताल में व्यवस्था बदली-बदली नजर आई। अस्पताल में मरीजों की पर्चियां आसानी से कटीं और लिंक फेल होने की शिकायत सामने नहीं आई।
स्वास्थ्य मंत्री के दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग सुबह से ही अलर्ट मोड में रहा। मंत्री के बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचने और पूजा-अर्चना करने से पहले ही सदर अस्पताल और एसकेएमसीएच में निरीक्षण की चर्चा तेज हो गई थी। इसके बाद अस्पताल प्रशासन से लेकर डॉक्टर और कर्मचारी तक सक्रिय नजर आए।
मंत्री का काफिला जैसे ही गरीबनाथ धाम पहुंचा, सदर अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों ने एप्रन पहनकर मोर्चा संभाल लिया। अस्पताल परिसर में पहले से ही चूना और ब्लिचिंग का छिड़काव कराया गया था। जिला स्वास्थ्य प्रबंधक, सिविल सर्जन, मैनेजर समेत अन्य अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की निगरानी की। मरीजों को व्यवस्थित तरीके से लाइन में लगाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की भी तैनाती की गई।
- मरीजों ने भी बताई बदली व्यवस्था
इलाज कराने पहुंचे सुक्का निवासी फैजान अंसारी ने बताया कि सोमवार को अस्पताल की व्यवस्था सामान्य दिनों से अलग दिखी। उन्होंने कहा कि लाइन में लगने के बाद पर्ची आसानी से कट गई और लिंक भी फेल नहीं हुआ। समय पर चिकित्सक से परामर्श मिला और दवाएं भी उपलब्ध रहीं।
कच्ची-पक्की की प्रभा सुमन, राकेश गौरव समेत अन्य मरीजों ने भी अस्पताल में व्यवस्था बेहतर होने की बात कही। अस्पताल के मुख्य द्वार पर डॉक्टरों और कर्मचारियों की मौजूदगी भी देखी गई।
- सवाल यह है कि क्या ऐसी व्यवस्था आम दिनों में भी कायम रहेगी?
स्वास्थ्य मंत्री के दौरे के दौरान जिस तरह अस्पताल में अधिकारी और कर्मचारी सक्रिय दिखे, उससे मरीजों को राहत मिली। अब लोगों की उम्मीद है कि पर्ची कटाने से लेकर डॉक्टर से परामर्श और दवा उपलब्ध कराने तक यही व्यवस्था आम दिनों में भी नियमित रूप से जारी रहे।
Bihar, India | Aug 25, 2026