
महेशकुदार में धूमधाम से हुई मां मनसा की पूजा, नदी से बारी लाने के दौरान दिखाया गया झापान
राजनगर : राजनगर प्रखंड के महेशकुदार (भुईयानाचना) स्थित शहीद निर्मल महतो विद्या मंदिर परिसर में गुरुवार को मां मनसा की पूजा धूमधाम और श्रद्धा के साथ की गई। पूजा को लेकर श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ नदी से बारी लाने पहुंचे। इस दौरान पारंपरिक झापान का प्रदर्शन भी किया गया। जिंदा नाग सांपों के साथ झापान का खेल दिखाते हुए श्रद्धालु नदी से बारी लेकर विद्यालय परिसर स्थित मां मनसा मंदिर पहुंचे।
बारी लाने के दौरान गाजे-बाजे की धुन पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। वहीं, जिंदा नाग सांपों के साथ किए गए पारंपरिक झापान के प्रदर्शन को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पूरे रास्ते भक्तिमय माहौल बना रहा।
नदी से बारी लेकर मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ मां मनसा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान परिवार एवं क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। महेशकुदार, भुईयानाचना सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने भी पूजा में श्रद्धापूर्वक हिस्सा लिया।
रात में हुआ जादू खेल का प्रदर्शन
पूजा के दौरान रात में जादू खेल का भी आयोजन किया गया। कलाकारों ने तरह-तरह के करतब दिखाकर लोगों का मनोरंजन किया। प्रदर्शन के दौरान ट्यूबलाइट से शरीर में वार करने और जलती मोमबत्ती से गर्म पानी शरीर पर डालने जैसे करतब दिखाए गए। इन हैरतअंगेज प्रस्तुतियों को देखकर दर्शक रोमांचित नजर आए। जादू खेल देर रात तक लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाजसेवियों, विभिन्न पंचायतों के मुखिया एवं जिला परिषद सदस्यों को विद्यालय की ओर से प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मानिक लाल महतो की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके नेतृत्व में विद्यालय परिसर में पूजा एवं अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
अतिथि के रूप में पहुंचीं राजनगर भाग-17 की जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो को भी विद्यालय की ओर से प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने के बाद जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो ने कहा कि विद्यालय की ओर से मिला यह सम्मान केवल उनका सम्मान नहीं, बल्कि राजनगर भाग-17 क्षेत्र की पूरी जनता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को किसी तरह की समस्या हो तो उन्हें जरूर बताएं। वे क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ी रहेंगी और समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में उत्साह बना रहा। पूजा, झापान, जादू खेल और सम्मान समारोह ने कार्यक्रम को खास बना दिया।