
सांसद नवीन जिन्दल की ओर से ध्यांगला गांव के खिलाड़ियों को क्रिकेट और वालीवाल किट वितरित की गई
सांसद नवीन जिन्दल खेल प्रतिभाओं को संसाधन उपलब्ध करा रहे हैं : धर्मवीर सिंह
कुरुक्षेत्र, 17 अगस्त। क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सांसद नवीन जिन्दल की ओर से खेल सामग्री वितरित की जा रही है। इस कड़ी में आज जिन्दल हाउस कुरुक्षेत्र में गांव ध्यांगला के युवाओं को क्रिकेट और वालीवाल किट दी गई। खेल सामग्री मिलने पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। खिलाड़ियों ने सांसद नवीन जिन्दल का आभार जताया।
उपरोक्त जानकारी देते हुए सांसद कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल का मानना है कि युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही संसाधन और अवसर उपलब्ध करवाने की है। इसी सोच के साथ खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलब्ध करवाकर उनकी प्रतिभा को निखारने में सहयोग किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, मेहनत और टीम भावना सिखाने के साथ-साथ उन्हें नशे और अन्य नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखने का भी प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और नियमित अभ्यास के साथ अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाएं। उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल की ओर से क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग जारी रहेगा। इस अवसर पर यशपाल, राजपाल सरपंच ध्यांगला, हल्का लाडवा प्रभारी सलिंद्र कुमार, जीत राम पिहोवा हल्का प्रभारी, अंकित गर्ग और युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे।