
*जमुआं से चोरी हुआ टोटो कैंट स्टेशन पर लावारिस हालत में मिला*
*कछवां:* थाना क्षेत्र के जमुआं बाजार से चोरी हुआ ई-रिक्शा वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के सामने लावारिस हालत में बरामद हुआ। नंबर प्लेट के माध्यम से कैंट पुलिस ने वाहन मालिक को सूचना दिया।
जमुआं बाजार निवासी राकेश केशरी ने बताया कि उसका लोडर ई-रिक्शा 14 जून की रात घर के सामने खड़ा किया था। सुबह उठने पर वाहन गायब मिला। काफी खोजबीन के बाद भी जब टोटो का कोई पता नहीं चला तो बगल में लगे सीसीटीवी फुटेज में देखा, जिसमें एक अज्ञात युवक टोटो लेकर जाता हुआ दिखाई दिया। जिसके पश्चात कछवां थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग किया। वहीं राकेश का आरोप है कि शिकायत के बावजूद कछवां पुलिस ने मामले में सक्रियता नहीं दिखाई, न तो घटनास्थल का निरीक्षण किया।
इसी बीच शुक्रवार को वाराणसी कैंट यातायात पुलिस ने राकेश केशरी को फोन कर सूचना दी कि उनका टोटो कैंट रेलवे स्टेशन के सामने लावारिस हालत में खड़ा है। सूचना मिलने पर राकेश केशरी ने तत्काल कछवां थाने पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दिया। थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान ने सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मियों को भेजकर कैंट क्षेत्र से टोटो मंगवाने की व्यवस्था कराई। वाहन मिलने पर पीड़ित परिवार ने राहत का सांस लिया।
कैंट यातायात प्रभारी कौशल कुमार सिंह ने बताया कि टोटो पिछले लगभग तीन दिनों से कैंट स्टेशन के सामने लावारिस हालत में खड़ा था। शुक्रवार को चौथे दिन आसपास के लोगों से पूछताछ किया गया लेकिन किसी को कोई जानकारी नहीं रहा। नंबर प्लेट के माध्यम से वाहन स्वामी का पता लगाया गया।