
माय भारत एक्सपीरियंशियल लर्निंग प्रोग्राम के लिए 10 जून तक करें आवेदन।
देनिक वीरधरा राजस्थान। श्री श्रद्धा ओम त्रिवेदी।
सवाई माधोपुर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत कार्यक्रम के अंतर्गत रणथम्भौर बाघ परियोजना द्वारा 16 से 19 जून तक चार दिवसीय एक्सपीरियंशियल लर्निंग प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा। जिला कलक्टर कानाराम के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को वन विभाग के अधिकारियों, वन्यजीव विशेषज्ञों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा राष्ट्रीय उद्यानों की भूमिका, वन्यजीव प्रबंधन, मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व, जैव विविधता संरक्षण तथा पारिस्थितिक तंत्र के महत्व की जानकारी दी जाएगी। साथ ही कैमरा ट्रैप, डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम, सफारी प्रबंधन एवं रणथम्भौर में अपनाई जा रही आधुनिक संरक्षण तकनीकों से भी अवगत कराया जाएगा।
जिला युवा अधिकारी हर्षित खंडेलवाल ने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल के एक्सपीरियंशियल लर्निंग टैब पर जाकर 10 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने अधिकाधिक युवाओं से कार्यक्रम में भाग लेकर प्रकृति एवं वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में अनुभव प्राप्त करने का आह्वान किया है।