
रुद्रप्रयाग के आशीष ने देशभर में चमकाया गढ़वाल विवि का नाम, CSIR NET-JRF में हासिल की AIR 138 रैंक
रुद्रप्रयाग। पहाड़ के छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए रुद्रप्रयाग जिले के बावई गांव निवासी आशीष गुसाईं ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। गढ़वाल विश्वविद्यालय के एमएससी भौतिक विज्ञान के छात्र रहे आशीष ने CSIR NET-JRF परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 138 हासिल कर अपने गांव, जिले और गढ़वाल विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।
आशीष की यह सफलता इसलिए भी खास है कि उन्होंने पहाड़ की धरती से निकलकर अपनी मेहनत और लगन के दम पर देशभर के प्रतिभावान विद्यार्थियों के बीच यह मुकाम हासिल किया है। उनकी उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो छोटे शहरों और गांवों से होने के बावजूद बड़े सपने देखते हैं।
आशीष ने गढ़वाल विश्वविद्यालय से एमएससी भौतिक विज्ञान की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह IIT दिल्ली में M.Tech के छात्र हैं और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। पढ़ाई के प्रति उनकी निरंतर मेहनत और बेहतर करने की ललक ने उन्हें इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता दिलाई।
CSIR NET-JRF में AIR 138 रैंक हासिल करने के बाद आशीष ने साबित किया है कि सफलता संसाधनों की नहीं, बल्कि संकल्प, मेहनत और लगन की मोहताज होती है। गांव की पगडंडियों से निकलकर देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT दिल्ली तक पहुंचने और अब राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में शानदार रैंक हासिल करने का उनका सफर पहाड़ के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।
आशीष की इस उपलब्धि पर उनके परिजनों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।