
समाहरणालय,शेखपुरा
(जन सम्पर्क शाखा)
प्रेस विज्ञप्ति 396, दिनांक 17.07.2026
*****************************
*ज़खराज स्थान-विद्यापुर हुसैनाबाद बाईपास निर्माण में गति किसानों को समझाकर प्रशासन ने शुरू कराया मिट्टी भराई का कार्य प्रारंभ*
*************************
अरियरी प्रखंड अंतर्गत विकास को रफ्तार देने के लिए बनाए जा रहे ज़खराज स्थान से विद्यापुर हुसैनाबाद बाईपास सड़क निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया। पिछले कुछ समय से मुआवजे की मांग को लेकर स्थानीय किसानों द्वारा कार्य में बाधा पहुंचाए जा रहे गतिरोध को आज अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री प्रियंका कुमारी की पहल से दूर किया गया और मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में आखिरकार बाईपास के लिए सड़क के किनारे मिट्टी भराई का कार्य शुरू करा दिया गया है।
इस महत्वपूर्ण बाईपास परियोजना के लिए अधिग्रहित की गई भूमि का प्रशासन द्वारा उचित और नियमानुसार मुआवजा किसानों को पहले ही दिया जा चुका है। इसके बावजूद, कुछ स्थानीय किसानों द्वारा अनुचित मांगों को लेकर निर्माण कार्य को लगातार बाधित किया जा रहा था, जिससे विकास कार्य बाधित था। मामले की गंभीरता और कार्य की आवश्यकता को देखते हुए जिला पदाधिकारी द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी को गतिरोध का समाधान निकालने के लिये प्राधिकृत किया गया था। सुश्री प्रियंका कुमारी ने इस संबंध में किसानों से वार्ता की गयी। एक दिन पहले संपन्न भूमि विवाद बैठक में भी ये मामला प्रमुखता से सामने आया। इसके दृष्टिगत अनुमंडल पदाधिकारी सुश्री प्रियंका द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सरकारी कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए दंडाधिकारी (मैजिस्ट्रेट) और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की नियुक्ति की गयी।
अनुमंडल पदाधिकारी महोदया की निगरानी में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए किसानों को साफ तौर पर समझाया कि जब उचित मुआवजा दिया जा चुका है, तो विकास कार्य को रोकना गैर-कानूनी है। अनुमंडल पदाधिकारी महोदया ने आक्रोशित किसानों के साथ संवाद भी स्थापित किया था और प्रशासनिक टीम ने किसानों को कानून और परियोजना के महत्व का हवाला देते हुए उन्हें अवगत भी कराया था। किसानों को प्रशासनिक स्तर पर यह आश्वस्त किया गया कि उनकी हर जायज बात का ख्याल रखा गया है।
संबंधित पदाधिकारियों की कड़ी हिदायत और सफल वार्ता के बाद किसान पीछे हटने को तैयार हुए, जिसके तुरंत बाद प्रशासनिक देखरेख में जेसीबी और डंपर लगाकर सड़क के किनारे मिट्टी भराई का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया। मौके पर
अंचलाधिकारी अरियरी,
संबंधित थाना के थानाध्यक्ष
भारी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी प्रशासन की इस मुस्तैदी से जहां एक तरफ सालों से लटके इस बाईपास निर्माण को गति मिलेगी, वहीं दूसरी तरफ आम जनता को जल्द ही ट्रैफिक जाम और आवागमन की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
*डी॰पी॰आर॰ओ॰,**
*शेखपुरा।*
Information & Public Relations Department, Government of Bihar District Administration Sheikhpura