
#गरोठ थाने पर बजरंग दल-हिंदू संगठनों का प्रदर्शन, लापता युवती को लेकर सौंपा ज्ञापन
SDOP ने 72 घंटे में कार्रवाई का दिया आश्वासन, संगठन ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी
गरोठ। थाना क्षेत्र के ग्राम रलायती से एक युवती के लापता होने के मामले को लेकर गुरुवार को बजरंग दल एवं विभिन्न हिंदू संगठनों ने गरोठ थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने करीब एक घंटे तक नारेबाजी करते हुए थाने के बाहर धरना दिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन का वाचन बजरंग दल गरोठ जिला सह संयोजक अंतिम मौर्य ने किया।
ज्ञापन में संगठन की ओर से आरोप लगाया गया कि 28 जुलाई 2026 को ग्राम रलायती निवासी एक हिंदू युवती को साजिश के तहत ले जाया गया है। प्रदर्शनकारियों ने मामले को गंभीर बताते हुए युवती की जल्द से जल्द बरामदगी की मांग की और कहा कि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
धरने की सूचना मिलते ही SDOP गरोठ विजय कुमार यादव मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस टीम मामले की गंभीरता से जांच कर रही है तथा 72 घंटे के भीतर युवती का पता लगाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
#बजरंगदल और हिंदू संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।