समेजा कोठी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पेशे से वकील को 9 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आज 23 जून को समेजा कोठी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना अधिकारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 9 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र उर्फ राजू पुत्र बिशन सिंह राय सिख निवासी 86 जीबी के रूप में हुई है। आरोपी को 75 एनपी मोड़ के पास संदिग्ध गतिविधियों के दौरान दबोचा गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशे का सामान कहां से लाता था और इसकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जाती थी।
इस कार्रवाई में एएसआई विनोद कुमार, कांस्टेबल सूरजभान, चरत लाल, विनोद कांटिया तथा चालक भैराराम की अहम भूमिका रही। समेजा कोठी पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करों के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है।