कोडरमा के उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है। जिला जनसंपर्क कार्यालय ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर लोगों को सावधान किया है। फर्जी आईडी ‘उत्कर्ष गुप्ता आईएएस’ के जरिए लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने और संदेश करने की सूचना मिली है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त किसी व्यक्तिगत फेसबुक आईडी से नागरिकों को फ्रेंड रिक्वेस्ट, आर्थिक सहायता या बैंक संबंधी जानकारी मांगने का अनुरोध नहीं करते। लोगों से संदिग्ध संदेशों को नजरअंदाज कर प्रोफाइल रिपोर्ट करने तथा साइबर अपराध की आशंका पर थाना या साइबर थाना को सूचना देने की अपील की गई है।