
बहराइच में रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का सख्त एक्शन: दुकानों पर छापेमारी, खराब मिठाइयां करवाईं नष्ट
रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए मिलावटखोरों पर नकेल कसने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। त्योहार के मद्देनजर जिले भर में मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है, ताकि आम जनता तक शुद्ध मिठाइयां और खाद्य सामग्रियां ही पहुंच सकें।
सहायक खाद्य आयुक्त डॉक्टर अमर सिंह के सख्त निर्देशों पर गठित अधिकारियों की विशेष टीमों ने जिले भर में व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न प्रमुख मिष्ठान भंडारों पर अचानक दबिश दी गई। टीम ने संदिग्ध पाए गए दूध, मिल्क केक, खोया और पेड़ा के नमूने सील कर प्रयोगशाला में जांच के लिए भेज दिए हैं।
छापेमारी के इसी क्रम में बहराइच के रमवापुर क्षेत्र में स्थिति उस समय और गंभीर नजर आई, जब एक मिठाई दुकान पर भारी मात्रा में खराब और अमानक पपड़ी व मिठाइयां पाई गईं। अधिकारियों ने जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मौके पर ही इस खराब पपड़ी और मिष्ठान सामग्री को पूरी तरह नष्ट करवा दिया। विभाग ने सभी विक्रेताओं को कड़ा संदेश दिया है कि त्योहार के सीजन में गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
"रक्षाबंधन पर्व पर आम नागरिकों को शुद्ध खाद्य पदार्थ मिले, इसके लिए पूरे जिले में जांच अभियान जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
डॉ. अमर सिंह, सहायक खाद्य आयुक्त