
मध्यप्रदेश में अप्रैल-मई 2027 में हो सकते हैं पंचायत चुनाव, मोहन सरकार नियमों में करेगी बदलाव
मध्यप्रदेश में पंचायत चुनाव अप्रैल-मई 2027 में होने की संभावना है। डॉ. मोहन यादव सरकार प्रदेश की करीब 23 हजार पंचायतों में कार्यकाल पूरा होने से एक-दो महीने पहले चुनाव कराने की तैयारी कर रही है। हालांकि, चुनाव की आधिकारिक तारीखों का ऐलान अभी नहीं हुआ है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने बालाघाट जिले के वारासिवनी जनपद की ग्राम पंचायत गर्रा में सरपंच सम्मेलन के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पंचायत राज व्यवस्था के नियमों में बदलाव की प्रक्रिया चल रही है। सरकार नवंबर तक नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। इसके तहत ग्राम सभा के अधिकार पंचायत समितियों को सौंपे जाएंगे, जबकि ग्राम सभा की अनिवार्यता बनी रहेगी। इसके लिए एक महीने में नोटिफिकेशन जारी करने की तैयारी है।
वहीं, पंचायतों को नगरपालिका की तरह टैक्स लगाने का अधिकार देने पर भी काम हो रहा है। पिछला त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव जून-जुलाई 2022 में हुआ था। आगामी चुनाव के लिए मतदाता सूची एक जनवरी 2027 की स्थिति के आधार पर तैयार करने की बात कही गई है।
#MadhyaPradesh #MPNews #PanchayatElection #MohanYadav #PralhadPatel