खुले बाजार में चीनी की कीमत 50 से 55 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने के बीच उत्तर प्रदेश के गरीब परिवारों के लिए राहत की खबर है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत अंत्योदय कार्डधारकों को चीनी 18 रुपये प्रति किलो की पुरानी दर पर ही मिलेगी।
मथुरा जिले के करीब 41 हजार अंत्योदय कार्डधारक परिवारों को इसका लाभ मिलेगा। 10 से 25 सितंबर तक चल रहे खाद्यान्न वितरण के दौरान प्रत्येक अंत्योदय कार्ड पर तीन किलो चीनी 54 रुपये में दी जा रही है। इसके साथ ही कार्डधारकों को 35 किलो निशुल्क अनाज भी मिलेगा।
चीनी कार्डधारकों को उनकी मूल उचित दर की दुकान पर ही उपलब्ध कराई जाएगी। यानी बाजार में कीमत बढ़ने के बावजूद अंत्योदय कार्ड पर मिलने वाली चीनी की दर में बदलाव नहीं किया गया है।
वहीं, चीनी की जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए डीलरों की भंडारण सीमा भी 4000 कुंतल से घटाकर 2000 कुंतल कर दी गई है। यह नई सीमा 15 सितंबर से 30 नवंबर तक लागू रहेगी। डीलरों को हर शुक्रवार फूड स्टॉक मॉनिटरिंग पोर्टल पर अपने स्टॉक की जानकारी देनी होगी।
#UPNews #RationCard #SugarPrice #GovernmentScheme