
देवघर में बढ़ते अपराध पर एसपी सख्त, अपराध गोष्ठी में थाना प्रभारियों को दिया कड़ा निर्देश; फरार अपराधियों की गिरफ्तारी का आदेश!
देवघर:- जिले में बढ़ती चोरी की घटना, लूटपाट आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर की अध्यक्षता में एसपी कार्यालय सभागार में अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में एसडीपीओ, डीएसपी सहित जिले के विभिन्न थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।
अपराध गोष्ठी के दौरान जिले में बढ़ते अपराध, चोरी एवं लूटपाट की घटनाओं की समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने, क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने तथा आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया।
बैठक में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित मामलों में फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए और चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
गिरफ्तारी के आंकड़ों पर भी हुई समीक्षा:-बैठक में पुलिस कार्रवाई के आंकड़ों की भी समीक्षा की गई। प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार सितंबर 2026 में कुल 151 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। इनमें 147 आरोपी विभिन्न मामलों में गिरफ्तार किए गए, जबकि 4 आरोपियों को वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
वहीं अक्टूबर 2026 में गिरफ्तारी की संख्या बढ़कर 176 हो गई। इनमें 152 आरोपी विभिन्न मामलों में तथा 24 आरोपी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किए गए। आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर में सितंबर की तुलना में कुल गिरफ्तारी में 25 की वृद्धि दर्ज की गई।
एसपी ने कहा जल्द अपराधियों पर कसा जाएगा शिकंजा:-
इस मौके पर देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा कि जिले में अपराध और चोरी की घटनाओं में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार कार्रवाई कर रही है और सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।#Deoghar #DeogharPolice #spdeoghar #CrimeControl #PraveenPushkar