
पूरनपुर में घर में घुसकर युवक पर हमला करने वाला वांछित गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडा बरामद किया
@uppolice
आज का भारत/गुरूसेठपाल सिंह
पूरनपुर (पीलीभीत)। कोतवाली पूरनपुर पुलिस ने घर में घुसकर युवक पर लाठी-डंडों से हमला करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मोहल्ला खानका निवासी आमिर खां ने 7 सितंबर को कोतवाली पूरनपुर में तहरीर दी थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि मोहल्ले के ही सद्दीक खां पुत्र वजीर खां अपने कुछ साथियों के साथ जबरन उनके घर में घुस आए और उनके भाई सराफत खां पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने सराफत के सिर पर डंडे से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। इसी क्रम में गुरुवार को मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सद्दीक खां को एलआईसी तिराहा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से हमले में इस्तेमाल किया गया डंडा बरामद किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया।