
लग्जरी गाड़ियों से चोरी करने वाले शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश, अवैध हथियार व जेवरात के साथ 2 दबोचे
सीतापुर: जनपद में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी महोली नागेन्द्र चौबे के नेतृत्व में थाना इमलिया सुल्तानपुर पुलिस ने ढोलई कला तिराहे के पास से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान रामचंद्र और कमलेश (निवासी ग्राम धम्मन बिलवा, थाना सकरन, सीतापुर) के रूप में हुई। पुलिस ने इनके कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा (315 बोर), एक जिंदा कारतूस, 15,000 रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण (पायल, कमर बिछुवा, लॉकेट, झाला, नथनी, मांगबेदी आदि) तथा घटना में प्रयुक्त एक ग्रे रंग की बोलोरो गाड़ी (बिना नंबर प्लेट) बरामद की।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह चार-पहिया वाहनों से घूमकर बंद घरों को निशाना बनाता था। आरोपियों के खिलाफ सीतापुर, लखनऊ, बहराइच और रायबरेली के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्तों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
#SitapurPolice #CrimeNews #UpPolice #Sitapur #InterstateGangBusted