
#दो_और_आरोपी_गिरफ्तार..
भरतपुर। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में उच्चैन थाना पुलिस ने ग्राम चक खरका में हुए चर्चित झगड़े और हत्या के मामले में 2 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी राजवीर सिंह व उनकी गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित चल रहे आरोपी सौरभ पुत्र डालचन्द, उम्र 23 वर्ष, निवासी अलीगढ़, यूपी और उसकी बहन श्रीमती अनिता पत्नी वीरेंद्र, उम्र 30 वर्ष, निवासी चक खरका को गिरफ्तार कर लिया है। यह सनसनीखेज मामला 4 जुलाई 2026 का है, जब चक खरका स्थित मंदिर वाले खेत में काली मां की मूर्ति स्थापना का निर्माण कार्य चल रहा था। आरोप है कि गांव के सुभाष, लोकेंद्र, रविंद्र और वीरेंद्र ने मथुरा और यूपी से अपने रिश्तेदारों को बुलाकर जानलेवा हमले की साजिश रची। आरोपियों ने लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से लैस होकर पीड़ित पक्ष को घेर लिया और अंधाधुंध मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी सौरभ ने जान से मारने की नीयत से अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी (RJ05-UB-2140) को मैना, पिस्ता और सतपाल के ऊपर चढ़ा दिया, जिससे सतपाल की रीढ़ की हड्डी व पसलियां टूट गईं। गंभीर रूप से घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां रमेश पुत्र मदनपाल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में उच्चैन थाने में धारा 103(1), 191(2), 191(3) समेत बीएनएस की विभिन्न संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था। इस दोहरी गिरफ्तारी के साथ ही चक खरका हत्या कांड में पुलिस अब तक कुल 7 आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है।