
वोल्वो बस में नशे की बड़ी खेप पकड़ी, STF ने 2.006 किलो चरस के साथ आरोपी दबोचा
मंडी: हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का अभियान लगातार जारी है। मुख्यमंत्री द्वारा शुरू किए गए "चिट्टा-मुक्त हिमाचल" जन-अभियान के तहत रविवार को STF मंडी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मनाली–हरिद्वार रूट पर चल रही एक वोल्वो बस से 2.006 किलोग्राम चरस बरामद की है। मामले में हरियाणा निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, STF मंडी टीम नियमित गश्त और निगरानी के दौरान मनाली–हरिद्वार रूट पर संचालित वोल्वो बस की जांच कर रही थी। तलाशी के दौरान बस में सफर कर रहे हरियाणा के एक व्यक्ति के कब्जे से 2.006 किलो चरस बरामद हुई। इसके बाद टीम ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में STF के नवस्थापित पुलिस थाना मंडी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। जांच के दौरान बरामद चरस के स्रोत, सप्लाई चेन, वित्तीय लेन-देन और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।
हिमाचल प्रदेश पुलिस ने लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत 112 या अपने नजदीकी पुलिस थाने में दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
#HimachalNews #Mandi #STF #HimachalPolice #Charas #DrugBust #CrimeNews #ChittaMuktHimachal #AntiDrugCampaign #BreakingNews #UTHimachal