
राजस्व मामलों में लापरवाही पर सख्त हुए कलेक्टर ऋतुराज सिंह, तहसीलदार सोनकच्छ और CMO कन्नौद को नोटिस
देवास। जिले में राजस्व प्रकरणों के निराकरण में हो रही देरी पर कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने सख्त रुख अपनाया है। समय-सीमा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि अविवादित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे मामलों को लंबित रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। बिना ठोस कारण प्रकरण लंबित मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने तहसीलदार सोनकच्छ को बैरिकेडिंग कार्य में लापरवाही बरतने पर शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, बिना पूर्व अनुमति बैठक से अनुपस्थित रहने पर सीएमओ कन्नौद अनिल जोशी का एक दिन का वेतन काटने तथा उन्हें भी शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे राजस्व अमले की नियमित समीक्षा करें और आरसीएमएस पोर्टल पर लंबित अविवादित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम नागरिकों को समय पर राहत मिलना प्रशासन की प्राथमिकता है।