बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी से पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी डांस करती नजर आ रही हैं। बेटी की शादी की खुशियों के बीच उनका यह अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है।
वीडियो में नीलम देवी कुर्सी पर बैठकर बॉलीवुड के मशहूर गाने 'मेहंदी लगा के रखना' पर डांस स्टेप करती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान वहां एक महिला डांसर भी प्रस्तुति दे रही होती हैं। कुछ देर बाद नीलम देवी अपनी कुर्सी से उठकर महिला डांसर के साथ भी डांस करने लगती हैं।
बता दें कि शिवांगी की शादी पटना के बिहटा निवासी ऋषिकेश से हो रही है। ऋषिकेश ने अमेरिका में पढ़ाई की है और वहीं नौकरी करते हैं। अनंत सिंह की बेटी की शादी को लेकर उनके पैतृक गांव नदावां में भव्य तैयारियां की गई हैं। शादी से जुड़े हल्दी, मेहंदी और संगीत समारोह के कई वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। नीलम देवी का यह डांस वीडियो भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।