
पुलिस ट्रक की टक्कर से दो टुकड़ों में बंटा ट्रैक्टर
पाली। जेतपुर थाना क्षेत्र के बस्सी गांव के निकट स्थित रपट पर बुधवार को पुलिस के बैरिकेड से भरे मिनी ट्रक और ट्रैक्टर के बीच हुई भीषण भिड़ंत में ट्रैक्टर दो हिस्सों में टूट गया। हादसे के दौरान चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार बस्सी गांव निवासी जयकरण चारण ट्रैक्टर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान जोधपुर से जालोर की ओर जा रहा पुलिस का मिनी ट्रक ट्रैक्टर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर बीच से टूटकर दो भागों में बंट गया। उसका अगला हिस्सा सड़क किनारे खाई में जा गिरा, जबकि पुलिस का मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर झाड़ियों में घुस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर से ठीक पहले चालक जयकरण चारण ने खतरा भांपते हुए ट्रैक्टर से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर चोट लगने से बच गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।