
अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ ने मुख्यमंत्री के नाम विधायक के माध्यम से भेजा ज्ञापन
यमुनानगर। अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा, संबंधित भारतीय मजदूर संघ ने बिजली विभाग में कार्यरत अनुबंधित कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नाम विधायक के माध्यम से ज्ञापन भेजा। संघ ने सरकार से कर्मचारियों की मांगों का शीघ्र समाधान करते हुए उन्हें रोजगार सुरक्षा एवं समान सेवा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग की।
संघ ने ज्ञापन में कहा कि बिजली विभाग में सैकड़ों अनुबंधित कर्मचारी लंबे समय से पूरी निष्ठा और जोखिम के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विभाग के पेट्रोल एवं नॉन-पेट्रोल कार्यों में अनुबंधित कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद कर्मचारियों की जायज मांगों पर लंबे समय से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।
संघ ने मांग की कि बिजली विभाग में कार्यरत अनुबंधित कर्मचारियों को Security of Service Act का लाभ देते हुए शीघ्र नियुक्ति पत्र जारी किए जाएं तथा 15 अगस्त 2024 से एरियर सहित वेतन का लाभ दिया जाए। डायरेक्ट विभागीय रोल पर लगे कर्मचारियों को समान काम समान वेतन दिया जाए और महंगाई के अनुरूप वेतन में वृद्धि कर एरियर सहित भुगतान किया जाए।
ज्ञापन में HPGCL के अंतर्गत खेदड़ एवं यमुनानगर थर्मल में पांच वर्ष से कार्यरत अनुबंधित कर्मचारियों को HKRN में शामिल करने तथा पांच वर्ष से अधिक सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को Security of Service Act के दायरे में लाने की मांग की गई।
संघ ने बिजली विभाग को जोखिम वाला विभाग बताते हुए सभी कर्मचारियों को जोखिम भत्ता देने, चारों बिजली कंपनियों में कार्यरत अनुबंधित कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों की तर्ज पर मेडिकल पॉलिसी का लाभ देने तथा सेवानिवृत्त होने वाले अनुबंधित कर्मचारियों के लिए सम्मान राशि की व्यवस्था करने की मांग भी रखी।
इसके अलावा पांच वर्ष की सेवा पूरी करने वाले कर्मचारियों को रोजगार सुरक्षा, मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को शीघ्र नौकरी, HKRN कर्मचारियों को अनुभव के आधार पर वेतन लाभ, महिला कर्मचारियों को वेतन सहित Child Care Leave, बिजली यूनिट का लाभ तथा शिक्षा, शिफ्ट, वर्दी एवं HRA जैसे भत्ते देने की मांग की गई।
इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश सचिव राज ठाकुर, जिला अध्यक्ष आशिष धिमान, जिला सचिव सुभाष राणा, कार्यकारी अध्यक्ष प्रिंस बिंद्रा, जिला कैशियर प्रशांत, जिला कार्यकारिणी से सुमित वर्मा, सुरेश अंसल एवं अश्वनी कश्यप, यूनिट अध्यक्ष सुनील सैनी, राजीव, सुमित सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संघ ने सरकार से अपील की कि बिजली विभाग में कार्यरत अनुबंधित कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके भविष्य को सुरक्षित किया जाए। संगठन ने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से विभाग के हित में पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं, इसलिए सरकार को भी उनके हित में जल्द ठोस निर्णय लेना चाहिए।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होगा। ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांगों पर तत्काल संज्ञान लेकर समाधान की प्रक्रिया शुरू करने की अपील की गई।