
लखनऊ में फर्जी पुलिस अफसर बनकर कारोबारी का अपहरण, 13 लाख की फिरौती के बाद छोड़ा
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में अपराधियों ने पुलिस अधिकारी बनकर एक कारोबारी का अपहरण कर लिया। कृष्णानगर थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चार बुलंदशहर और दो बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर 2026 को आलमबाग के साकेत अपार्टमेंट निवासी कारोबारी सुदर्शन घोष अपने कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान कृष्णानगर क्षेत्र में कुछ लोगों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए उन्हें रोका। आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी पुलिस आईडी कार्ड दिखाकर पूछताछ के बहाने कारोबारी को जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया।
आरोप है कि इसके बाद कारोबारी को धमकाया गया और उनके साथ मारपीट की गई। बदमाशों ने कथित तौर पर उनकी कनपटी पर तमंचा लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्हें करीब 9 घंटे तक गाड़ी में बंधक बनाकर लखनऊ से आगरा और कन्नौज की ओर ले जाया गया।
इस दौरान आरोपियों ने कारोबारी के परिजनों से फिरौती की मांग की। पुलिस के अनुसार, कारोबारी की पत्नी से 13 लाख रुपये की फिरौती मिलने के बाद आरोपियों ने उन्हें छोड़ दिया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। DCP साउथ मोहम्मद मुश्ताक ने रविवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
#UPPolice #Lucknow #LucknowPolice #CrimeNews #UttarPradesh