
#इंदौरा में खैर तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 84 मौछे सहित दो वाहन बरामद
इंदौरा में खैर की लकड़ी की कथित तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। डमटाल पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो वाहनों से खैर की लकड़ी के 84 मौछे बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान एक इनोवा कार और बिना नंबर की पिकअप को कब्जे में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, पठानकोट-मुकेरियां मार्ग पर इंदौरा मोड़ के पास वाहनों को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर पिकअप से 76 और इनोवा से 8 मौछे बरामद हुए। वाहन सवार खैर की लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पुलिस के सामने पेश नहीं कर सके।
मामला यहीं नहीं रुका... पुलिस ने पेड़ काटने में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रिक कटर, 10 बैटरियां और 3 चेन भी बरामद की हैं। वन विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर लकड़ी की नियमानुसार पैमाइश करवाई गई।
इस मामले में पुलिस ने राहुल कुमार, गुरप्रीत सिंह, विकास शर्मा, गोविन्द, बलविन्द्र सिंह उर्फ बंटी, विशाल, अजय कुमार, ओम प्रकाश और अनिल कुमार समेत कुल 9 लोगों को नामजद किया है।
डमटाल थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 3(5) और भारतीय वन अधिनियम की धारा 41 व 42 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
अब पुलिस की जांच का असली फोकस यही है कि आखिर खैर के इन पेड़ों की कटाई कहां से हुई? लकड़ी को कहां पहुंचाया जाना था और इस कथित तस्करी के पीछे और कौन-कौन लोग जुड़े हैं?
फिलहाल पुलिस ने लकड़ी, दोनों वाहनों और काटने के उपकरणों को कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है।
इंदौरा में खैर की लकड़ी पर पुलिस का यह शिकंजा अब कहां तक पहुंचता है, यह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
#Indora #Damtal #Kangra #HimachalPradesh #KhairWood #IllegalTransport #ForestCrime #PoliceAction #NewsUpdate #HimachalNews #BreakingNews #News #Follower