
बारात का रास्ता रोककर फायरिंग करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, धोरो में पैदल सर्च अभियान चलाया
धोरीमन्ना। बारात का रास्ता रोककर फायरिंग एवं जानलेवा हमला करने के चर्चित मामले में धोरीमन्ना थाना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रात्रि के समय धोरो में पैदल सर्च अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को दबोचा।
पुलिस अधीक्षक बालोतरा रमेश आईपीएस ने बताया कि वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूलसिंह एवं वृताधिकारी सुखराम के सुपरविजन में थानाधिकारी दीपसिंह के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 8 जून को अशोक कुमार विश्नोई मुकलावे की बारात के साथ ट्रैक्टर में सवार होकर जा रहा था। रोहिला पूर्व गांव के पास एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार आरोपियों ने ट्रैक्टर के आगे वाहन लगाकर उसे रुकवा लिया। आरोप है कि आरोपियों ने ट्रैक्टर की चाबी छीन ली और जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। एक गोली अशोक कुमार के हाथ की उंगली में लगी, जबकि दूसरी गोली घुटने के पास से निकल गई। इसके बाद आरोपियों ने लाठियों से भी मारपीट की।
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। तलाश के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रोहिला पश्चिम क्षेत्र के धोरो में पैदल सर्च अभियान चलाकर रामनारायण (19) पुत्र लाधुराम विश्नोई एवं देवाराम (20) पुत्र रामनिवास विश्नोई, निवासी शौभाला जैतमाल को गिरफ्तार किया।
पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है तथा वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।