
गिरिडीह: जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को जमुआ और गिरिडीह में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने भाग लिया और विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए आवेदन किया।
झंडा मैदान, गिरिडीह में जिला नियोजनालय की ओर से आयोजित जिला स्तरीय रोजगार मेला-2026 में 25 प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोजक संस्थानों ने भाग लिया। यहां 175 अभ्यर्थियों को ऑफर लेटर दिया गया, जबकि 456 अभ्यर्थियों को आगे की चयन प्रक्रिया के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया।
वहीं, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के तहत जमुआ प्रखंड परिसर में आयोजित रोजगार मेले में 885 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया। इसमें 14 कंपनियों ने हिस्सा लिया और 292 अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
गिरिडीह में आयोजित मेले का उद्घाटन उपायुक्त रामनिवास यादव ने किया, जबकि जमुआ में अंचल अधिकारी नरेश कुमार वर्मा ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
दोनों रोजगार मेलों के माध्यम से कुल 467 युवाओं को रोजगार के लिए चयनित किया गया, जबकि 456 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। जिला प्रशासन ने युवाओं को कौशल विकास और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया।
#Giridih #GiridihNews #RojgarMela #EmploymentFair #Jharkhand #Jamua #DDUGKY #YouthEmployment #SkillDevelopment #JobOpportunity #JobFair #गिरिडीह #रोजगारमेला #झारखंड #जमुआ