Public App Logo
*जनजातीय समुदाय के अधिकारों एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित* बलिया। माननीय उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया श्री अनिल कुमार झा के आदेशानुसार सोमवार को तहसील बांसडीह सभागार बलिया में जनजातीय समुदाय के अधिकारों एवं राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन, श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी, सचिव (पूर्ण कालिक), जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के सचिव श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी द्वारा शिविर में उपस्थित जनजातीय समुदाय के लोगों को उनके विधिक अधिकारों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान उन्हें बताया गया कि संविधान एवं विभिन्न विधिक प्रावधानों के अंतर्गत उन्हें प्राप्त अधिकारों के प्रति जागरूक रहना तथा किसी भी प्रकार के शोषण, भेदभाव अथवा अधिकारों के हनन की स्थिति में विधिक सहायता प्राप्त करना उनका अधिकार है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों से अपील की गई कि वे शासन द्वारा जनजातीय समुदाय हेतु संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें तथा आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करें। कार्यक्रम के दौरान 12 सितम्बर 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर सरल, त्वरित एवं प्रभावी ढंग से निस्तारण कराया जा सकता है। लोक अदालत विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। तहसीलदार बांसडीह श्री नितीन कुमार सिंह द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने लंबित अथवा संभावित विवादों के निस्तारण के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करें। पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं सलाह उपलब्ध कराए जाने की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार श्री रजनीश कुमार सिंह, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री चन्द्रशेखर सिंह, पूर्व अध्यक्ष श्री महेश प्रताप सिंह, भानू प्रताप सिंह, अधिवक्ता श्री गोपाल जी मिश्र, श्री अरविन्द कुमार पाण्डेय, पैरा लीगल वालंटियर्स श्री विजय सिंह, प्रवीण चौबे, सत्येन्द्र पाठक, मुनिशंकर, मुरली मनोहर, वादकारीगण, जनजातीय समुदाय के लोग व अन्य लोग उपस्थित रहे। - Ballia News