
#व्यापारी_की_हुई_मौत_________
#सीईटीवी_में_कैद_आरोपी_____
भरतपुर शहर में शनिवार रात को बेखौफ बदमाशों की गोलीबारी का शिकार हुए बर्तन व्यवसायी चंद्रभान (46) की जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। सुभाष नगर निवासी चंद्रभान, अनाह गेट क्षेत्र में बर्तनों का व्यापार करते थे। बदमाशों द्वारा अनोखी होटल के पास उनपर किए गए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल हुए व्यापारी को भरतपुर के आरबीएम से जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया था। व्यापारी की मौत के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और परिजनों में भारी आक्रोश है। भरतपुर पुलिस की विशेष टीमें और सेवर थाना पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावर बदमाशों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गौरतलब है कि पीड़ित चंद्रभान शनिवार को मथुरा में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार से जमीन खरीदने के लिए 5 लाख रुपये उधार लेकर अपनी बाइक से भरतपुर आ रहे थे कि तभी बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों द्वारा रास्ते में ही उनकी रेकी शुरू कर दी गई थीं। अनोखी होटल के पास बदमाशों द्वारा उन्हें रोककर रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की गई थी। चंद्रभान द्वारा डटकर विरोध करने और बैग नहीं छोड़ने पर बौखलाए बदमाशों द्वारा सीधे उनके पेट में गोली मारदी गई थी। गौरतलब है कि शनिवार की रात बदमाशों द्वारा भरतपुर शहर में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए महज आधे घंटे के भीतर दो अलग-अलग जगहों पर व्यापारियों को निशाना बनाया गया है। चंद्रभान से पहले बदमाशों द्वारा भरतपुर शहर के मथुरागेट थाना क्षेत्र में एक परचून व्यापारी प्रमोद मित्तल को भी गोली मारकर उनसे 60 हजार रुपये लूट लिए गए थे।