
#सिकंदरपुर में घाघरा का कहर:
#पानी बढ़ते ही शुरू हुई कटान, सपा विधायक ने सरकार पर साधा निशाना
#सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र से होकर गुजरने वाली घाघरा नदी में पानी का स्तर बढ़ने के साथ ही किनारों पर कटान शुरू हो गई है। इससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है और किसान अपनी जमीन बचाने को लेकर चिंतित हैं।
इस मुद्दे पर सपा विधायक *मो० जियाउद्दीन रिज़वी* ने रविवार को प्रेस नोट जारी कर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
विधायक ने कहा, _"भाजपा सरकार का कटान प्रभावित किसानों से कोई सरोकार नहीं है। प्रदेश में किसी का कोई सुनने वाला नहीं है।"_
उन्होंने बताया कि वह लगातार सदन में इस मुद्दे को उठाते आ रहे हैं। संबंधित मंत्री से मुलाकात की, प्रमुख सचिव बाढ़ को लिखित पत्र देकर घाघरा में हो रही कटान से अवगत कराया। पिछले साल सरकार ने कटान रोकने के लिए कुछ धन दिया था, लेकिन वह नाकाफी साबित हुआ।
विधायक रिज़वी ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में कई चिट्ठियां भी लिखी हैं। हाल ही में जिले की दिशा की बैठक में भी उन्होंने कटान के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई।
उन्होंने आश्वासन दिया, _"मैं कटान प्रभावित किसानों के साथ खड़ा हूं और आजीवन रहूंगा। मानसून सत्र में इस मुद्दे को फिर से सदन में प्रमुखता से उठाऊंगा।"_
घाघरा में कटान शुरू होने से सिकंदरपुर क्षेत्र के दर्जनों गांवों की कृषि भूमि और बस्तियों पर खतरा मंडराने लगा है। किसानों ने प्रशासन से तत्काल बचाव कार्य शुरू कराने की मांग की है।