
भीमताल: नौकुचियाताल के नाम का सोशल मीडिया पर कथित अपमान, कार्रवाई की मांग को लेकर सीडीओ को सौंपा ज्ञापन
भीमताल। नौकुचियाताल के नाम एवं स्थानीय जनभावनाओं का कथित रूप से अपमान करने वाली सोशल मीडिया रील के विरोध में सामाजिक कार्यकर्ताओं और भाजपा पदाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र में बताया गया है कि इंस्टाग्राम अकाउंट @bekarobar, @kbsang और @tredwithkaushik से प्रसारित एक रील में ऐतिहासिक एवं पवित्र नगरी नौकुचियाताल के नाम का कथित रूप से उपहास किया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस वीडियो से क्षेत्रवासियों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक भावनाएं आहत हुई हैं तथा स्थानीय पहचान और सम्मान को ठेस पहुंची है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि इस प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया जैसे व्यापक मंच पर प्रसारित होने से सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है और स्थानीय लोगों में रोष की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट एवं व्यक्तियों की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने, मानहानि की कार्रवाई शुरू करने तथा संबंधित लोगों से नौकुचियाताल स्थित हरू की पेड़ी में सार्वजनिक रूप से क्षमा याचना कराने की मांग की है। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करने के लिए भी उचित निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया है।
यह शिकायत सामाजिक कार्यकर्ता नितेश बिष्ट, कृतिका पोखरिया तथा भाजपा नैनीताल के जिला मंत्री प्रकाश भट्ट 'मनोज' द्वारा मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल को सौंपी गई। शिकायतकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा जताई है।