अजमेर शरीफ दरगाह की शाहजहानी मस्जिद से एक बेहद हैरान और परेशान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर 1 लड़का और 1 लड़की का आपत्तिजनक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे मस्जिद के अंदर फिल्मी अंदाज में रोमांस करते और एक-दूसरे को चूमते हुए नजर आ रहे हैं। इस शर्मनाक घटना ने अकीदतमंदों (श्रद्धालुओं) और खुद्दाम-ए-ख्वाजा की जज्बाती अकीदत को गहरी ठेस पहुंचाई है।
दरगाह के खादिम सैय्यद कुतबुद्दीन सखी ने इस बेहुरमती पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि दरगाह कमेटी द्वारा साफ हिदायतें और पाबंदियां लगाए जाने के बावजूद, कुछ नौजवान सिर्फ सोशल मीडिया पर मशहूर होने के लिए ऐसी नाकाबिले-बर्दाश्त हरकतें कर रहे हैं। वीडियो में लाल कपड़ों में दिख रही लड़की और नीले कुर्ते में दिख रहे लड़के ने इबादत और अदब की इस मुकद्दस जगह की पाकीजगी को शर्मसार किया है। खुद्दाम-ए-ख्वाजा ने दरगाह कमेटी से इस पूरे मामले की फौरन तहकीकात करने और वीडियो शेयर करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।