
दिल्ली हाईकोर्ट ने सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर केंद्र और दिल्ली सरकार से मांगा जवाब
नई दिल्ली, 15 जुलाई
दिल्ली हाईकोर्ट ने बुधवार को जंतर-मंतर पर चल रहे सीजेपी (Cockroach Janata Party) के प्रदर्शन के दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की जारी भूख हड़ताल को लेकर दायर याचिका पर केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार से जवाब तलब किया है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 16 जुलाई (गुरुवार) को निर्धारित की है।
यह याचिका सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता राकेश कुमार सैनी द्वारा दायर की गई है। याचिका में मांग की गई है कि सोनम वांगचुक का जीवन बचाने के लिए उन्हें चिकित्सकीय हस्तक्षेप के तहत जबरन भोजन (फोर्स-फीडिंग) दिया जाए।
इसके अलावा याचिका में केंद्र और दिल्ली सरकार को निर्देश देने की भी मांग की गई है कि वांगचुक की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल किसी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जाए।
गौरतलब है कि सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल बुधवार को 18वें दिन में प्रवेश कर गई है, जिससे उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं। जंतर-मंतर पर चल रहे इस प्रदर्शन के बीच उनके समर्थन में कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने भी चिंता व्यक्त की है।
अब इस मामले पर सभी की निगाहें गुरुवार को होने वाली हाईकोर्ट की सुनवाई पर टिकी हैं।