
रक्तदान शिविर में उमड़ा सेवा का जज्बा, दर्जनों लोगों ने किया महादान
विश्व रक्तदाता दिवस माह के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित हुआ शिविर
विशेषज्ञों ने कहा- एक यूनिट रक्त से बचाई जा सकती हैं तीन लोगों की जान
बक्सर टॉप न्यूज़, बक्सर : विश्व रक्तदाता दिवस माह के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित रक्तदान शिविर में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 'रक्तदान जीवनदान' के संदेश को सार्थक किया. शिविर की शुरुआत अजय राय ने सबसे पहले रक्तदान कर की. पूरे कार्यक्रम के दौरान युवाओं और स्वास्थ्यकर्मियों में रक्तदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला.
शिविर के मुख्य अतिथि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डुमरांव के प्रभारी डॉ. आर. बी. प्रसाद ने कहा कि रक्तदान महादान है. यह ऐसा निस्वार्थ और मानवीय कार्य है, जो किसी जरूरतमंद के लिए जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर मिटा सकता है. उन्होंने बताया कि रक्त का कृत्रिम निर्माण संभव नहीं है और एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान एक साथ तीन लोगों की जान बचाने में सहायक हो सकता है. उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की.
भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के संयुक्त सहयोग से आयोजित यह रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. शिविर में रक्तदाताओं का पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच और सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह की व्यवस्था की गई.
कार्यक्रम में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के कार्यकारी सचिव मोहन गुप्ता के अलावा रेडक्रॉस के टेक्निशियन संतोष कुमार सिंह, काउंसलर मुकेश कुमार, सहयोगी डब्लू कुमार, प्रकाश कुमार और अमित कुमार मौजूद रहे.
रक्तदान करने वालों में प्रमुख रूप से डॉ. शेरिन फरहाद नाजिन, आंचल कुमारी, डॉ. धनंजय कुमार मौर्य, संजय कुमार, धर्मेन्द्र कुमार यादव, नीतीश सिंह, पिंटू कुमार सिंह सहित दर्जनों लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया.
Buxar, Buxar | Jun 30, 2026