
ब्रिगेडियर की वर्दी और भाड़े के बाउंसर, नीट फेल 21 साल के आर्यन ने ऐसा रचा खेल, हर कोई रह गया दंग !
शाहजहांपुर में सेना के ब्रिगेडियर की वर्दी पहनकर घूम रहे 21 वर्षीय एक युवक की हकीकत सामने आने के बाद हर कोई हैरान है. युवक ने पुलिस पूछताछ में जो कहानी बताई, उसने पूरे मामले को और भी चर्चा का विषय बना दिया है. युवक का दावा है कि NEET परीक्षा में असफल होने के बाद उसने अपनी दिल की मरीज मां को सांत्वना देने के लिए झूठ बोल दिया था कि उसका चयन AFMC में डॉक्टर के रूप में हो गया है.
दरअसल, मामला शाहजहांपुर के रोजा थाना क्षेत्र का है, जहां आर्यन वर्मा नामक युवक सेना के ब्रिगेडियर की वर्दी पहनकर घूमता हुआ पकड़ा गया. उसके पास सेना के वरिष्ठ अधिकारी जैसी पहचान दर्शाने वाले कई सामान भी मिले हैं. फिलहाल, पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, आर्यन वर्मा दुर्गा एन्क्लेव का रहने वाला है. वह टाटा हैरियर कार में सवार होकर घूम रहा था. कार पर वन स्टार प्लेट लगी हुई थी और एएचक्यू (AHQ) का झंडा भी लगा था, जिससे वह खुद को सेना का वरिष्ठ अधिकारी दर्शाने की कोशिश कर रहा था.
युवक के साथ एक चालक भी मौजूद था, जिसके पास भारत सरकार (GOI) का पहचान पत्र पाया गया. इसके अलावा काले कपड़ों में दो अन्य व्यक्ति भी उसके साथ थे, जो खुद को एनएसजी कमांडो की तरह प्रस्तुत कर रहे थे.
जब टीम ने युवक और उसके साथियों की तलाशी ली तो कई चौंकाने वाली चीजें बरामद हुईं. उसके पास सेना के ब्रिगेडियर का फर्जी पहचान पत्र, एक नकली पिस्तौल और एएमसी (AMC) रेजिमेंटल केन यानी छड़ी बरामद हुई.
Namkum, Ranchi | Jun 13, 2026