
अन्नपूर्णा रसोई के दान पात्र से नकदी गायब, सीसीटीवी फुटेज के बाद चर्चा तेज
पीपाड़ शहर। पीपाड़ में संचालित अन्नपूर्णा रसोई से गौसेवा के लिए रखे दान पात्र के गायब होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार रात्रि के समय रसोई के पीछे का दरवाजा क्षतिग्रस्त कर अंदर प्रवेश किया गया और दान पात्र में रखी करीब 15 हजार रुपए की राशि गायब हो गई।
घटना के बाद रसोई प्रबंधन ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक व्यक्ति देर रात परिसर में आता-जाता दिखाई दे रहा है। फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है, जिसके बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर कुछ लोग जालखा निवासी ओमप्रकाश उर्फ ओमजी का नाम जोड़ रहे हैं। गौरतलब है कि ओमजी पूर्व में पुलिस ड्रेस में डांस का वीडियो वायरल होने के बाद भी चर्चा में रहे थे। हालांकि इस मामले में पुलिस अथवा संबंधित एजेंसियों की ओर से किसी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना के बाद गौसेवकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि दान राशि गौसेवा और जरूरतमंदों के भोजन की व्यवस्था के लिए एकत्रित की जाती है, इसलिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।