
*तेयबपुर के विकास की आवाज दिल्ली तक पहुंची, निरंजन राय ने प्रधानमंत्री समेत रेल और जल संसाधन मंत्रियों को सौंपे ज्ञापन*
पोठिया/किशनगंज: पोठिया प्रखंड क्षेत्र के तेयबपुर और आसपास के इलाकों की वर्षों पुरानी समस्याओं को लेकर जिला परिषद सदस्य, क्षेत्र संख्या 14 पोठिया, निरंजन राय ने गंभीर पहल शुरू की है। उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना तथा केंद्रीय जल संसाधन विभाग के मंत्री को अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की है।
निरंजन राय ने अपने पत्रों के माध्यम से तेयबपुर क्षेत्र में महानंदा नदी के लगातार हो रहे कटाव को गंभीर समस्या बताते हुए तत्काल स्थायी कटावरोधी तटबंध निर्माण की मांग उठाई है। उन्होंने तेयबपुर, पंप हाउस, महानंदा पुल, फुलवारी और कलियागंज सहित संवेदनशील क्षेत्रों का शीघ्र निरीक्षण कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि महानंदा नदी का कटाव पिछले कई वर्षों से लगातार गंभीर रूप ले रहा है। इससे हजारों परिवारों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है और सैकड़ों एकड़ कृषि योग्य भूमि नदी की चपेट में आ रही है। कटाव की वजह से उत्क्रमित उच्च विद्यालय कलियागंज, मंदिर, मस्जिद, कब्रिस्तान, मदरसा सहित कई महत्वपूर्ण सार्वजनिक और धार्मिक स्थल भी खतरे में हैं। पत्र में आशंका जताई गई है कि समय रहते प्रभावी कटावरोधी कार्य नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में करीब 1500 परिवार विस्थापित हो सकते हैं।
निरंजन राय ने प्रशासन की ओर से पूर्व में निरीक्षण और प्राक्कलन तैयार किए जाने के बावजूद स्थायी कटावरोधी कार्य शुरू नहीं होने का मुद्दा भी उठाया है। उन्होंने बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ने के कारण दोबारा शुरू हुए कटाव को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
*रेल सुविधा के लिए भी उठाई मजबूत आवाज*
निरंजन राय ने तेयबपुर रेलवे स्टेशन को क्रॉसिंग स्टेशन के रूप में विकसित करने की मांग रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना के समक्ष रखी है। उन्होंने कहा है कि तेयबपुर स्टेशन सिलीगुड़ी-कटिहार मुख्य रेलखंड पर ठाकुरगंज स्टेशन और अलुआबाड़ी रोड जंक्शन के बीच महत्वपूर्ण स्थान पर स्थित है।
ज्ञापन में वर्तमान में चल रही अलुआबाड़ी रोड-ठाकुरगंज रेलखंड के दोहरीकरण, प्रस्तावित अररिया-ठाकुरगंज रेलखंड के दोहरीकरण तथा प्रस्तावित ठाकुरगंज-छत्तरहाट नई रेल लाइन का उल्लेख करते हुए भविष्य में बढ़ने वाले रेल यातायात को देखते हुए तेयबपुर स्टेशन पर अतिरिक्त लूप लाइन सहित क्रॉसिंग की सुविधा विकसित करने की मांग की गई है। इससे ट्रेनों के परिचालन में सुविधा, समय पालन में सुधार और मुख्य रेलखंड की परिचालन क्षमता बढ़ने की उम्मीद जताई गई है।
*दो महत्वपूर्ण इंटरसिटी ट्रेनों के ठहराव की मांग*
निरंजन राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजकर 15723/15724 जोगबनी-सिलीगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा 75705/75706 सिलीगुड़ी-राधिकापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का तेयबपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव देने की मांग भी की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि तेयबपुर और आसपास के दर्जनों गांवों के विद्यार्थी, व्यापारी, कर्मचारी, किसान और दैनिक यात्री बेहतर रेल सुविधा की लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे हैं। इन दोनों ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के लोगों को सिलीगुड़ी, किशनगंज और अन्य क्षेत्रों की यात्रा में सुविधा मिलेगी। साथ ही स्थानीय व्यापार और रेलवे के यात्री राजस्व में भी वृद्धि की संभावना जताई गई है।
*स्थानीय मुद्दों को लगातार उठाना निरंजन राय की सक्रियता को दर्शाता है*
तेयबपुर और आसपास के क्षेत्र की सड़क, रेल और नदी कटाव जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को लेकर निरंजन राय द्वारा एक साथ कई स्तरों पर ज्ञापन सौंपना क्षेत्र के प्रति उनकी सक्रियता को दर्शाता है। खास बात यह है कि उन्होंने समस्याओं को केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रखा, बल्कि केंद्र सरकार के संबंधित मंत्रियों और प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का प्रयास किया है।
स्थानीय लोगों की सुरक्षा, कृषि भूमि को बचाने, रेलवे सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों को बेहतर आवागमन उपलब्ध कराने से जुड़े इन मुद्दों पर निरंजन राय की पहल को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि संबंधित विभाग इन मांगों पर कब तक ठोस कार्रवाई शुरू करते हैं।