
सहकारी गन्ना विकास समिति में अध्यक्ष और कर्मचारियों के बीच तकरार, हड़ताल से बढ़ा विवाद
पलिया-खीरी। पलिया नगर स्थित सहकारी गन्ना विकास समिति में समिति अध्यक्ष अभिषेक अवस्थी और कर्मचारियों के बीच तकरार का मामला सामने आया है। कर्मचारियों ने विशेष सचिव ज्ञान प्रकाश तिवारी के साथ हड़ताल करते हुए अध्यक्ष पर वरिष्ठ लिपिक रामाशीष मौर्य के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। वहीं अध्यक्ष ने पूरे मामले को अपने खिलाफ रचा गया षड्यंत्र बताते हुए अपना पक्ष रखा है।
वरिष्ठ लिपिक रामाशीष मौर्य के अनुसार, कार्यालय स्तर पर सहयोग के लिए एक व्यक्ति को रखा गया था। उनका कहना है कि उक्त व्यक्ति को समिति के कार्यों में सहयोग के लिए रखा गया था और कुछ काम पूरा न होने के कारण उसकी मदद ली जा रही थी। बाद में उसे हटाने को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ और इसी मामले में अध्यक्ष द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया है।
वहीं, समिति अध्यक्ष अभिषेक अवस्थी ने अपने पक्ष में बताया कि उक्त व्यक्ति को समिति में रखने के लिए प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन ऊपर से अनुमति नहीं मिलने के चलते उन्होंने उक्त व्यक्ति को समिति में रखने से स्पष्ट रूप से मना कर दिया था। अध्यक्ष के अनुसार, इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को भी जानकारी दी गई थी।
अभिषेक अवस्थी ने बताया कि उनके द्वारा पूर्व में की गई शिकायतों के बाद तीन कर्मचारियों के निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है। वहीं, तीन अन्य मामलों में गन्ना विकास निरीक्षक/विशेष सचिव स्तर पर जांच एवं कार्रवाई प्रचलित है। उनका कहना है कि समिति में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनके द्वारा कड़े कदम उठाए जा रहे हैं, जिसके चलते उनके खिलाफ इस तरह का षड्यंत्र रचा जा रहा है।
अध्यक्ष ने बताया कि इससे पूर्व भी गन्ना विकास परिषद में करीब 15 लाख रुपये की निकासी और कथित गबन का मामला सामने आया था, जिसमें एक आउटसोर्सिंग कर्मचारी की संलिप्तता सामने आने की बात कही गई थी।
अध्यक्ष का कहना है कि इन्हीं सभी प्रकरणों और उनके द्वारा की गई शिकायतों के चलते वर्तमान घटनाक्रम को उनके खिलाफ इस्तेमाल किया जा रहा है।
फिलहाल कर्मचारियों की हड़ताल के चलते समिति में कामकाज प्रभावित है। दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं। अब विभागीय स्तर पर जांच और कार्रवाई के बाद ही पूरे विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। #रोमीसाहनी #LakhimpurKheri #followers #highlights #paliakalan #UPNews