
अवराईकला में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने पति व ससुरालियों पर लगाया गला दबाकर हत्या का आरोप
बलिया। भीमपुरा थाना क्षेत्र के अवराईकला गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतका के मायके पक्ष ने पति व ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि पोस्टमार्टम हो जाने के बावजूद अब तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
मृतका के भाई आशिष ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक बलिया को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बहन को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। 7 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई, जबकि 9 जुलाई को मऊ में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने भीमपुरा थाने में तहरीर दी, लेकिन अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर पति और अन्य नामजद ससुरालियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि, इस मामले में पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान मिलने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
#BalliaNews #Bhimpura #Awaraikala #CrimeNews #DowryDeath #JusticeForVictim #UPPolice #BalliaPolice #Mau #BreakingNews #LiberalMediaBallia