
*26 जुलाई 2026 को आयोजित "नशे के खिलाफ जंग - यमुनानगर के संग" मैराथन में सराहनीय योगदान देने वाले रोहित रनिंग ग्रुप व राजा भांगड़ा क्लब के युवा खिलाड़ियों और वॉलिंटियर्स को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी ने किया सम्मानित, प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया उत्साह, युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज में जागरूकता फैलाने का किया आह्वान*
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित मीटिंग हॉल में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी ने जिला यमुनानगर में 26 जुलाई 2026 को आयोजित "नशे के खिलाफ जंग - यमुनानगर के संग" मैराथन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले रोहित रनिंग ग्रुप, युवा खिलाड़ियों तथा राजा भांगड़ा क्लब के सदस्यों को उनके उत्कृष्ट सहयोग एवं सेवा भावना के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि उक्त मैराथन में 5 किलोमीटर एवं 10 किलोमीटर दौड़ के दौरान इन सभी वॉलिंटियर्स ने पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। प्रतिभागियों को मार्गदर्शन देने, दौड़ के दौरान व्यवस्था बनाए रखने, सहयोग प्रदान करने तथा आयोजन को सफल बनाने में इन युवाओं का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा। जिला पुलिस ने उनके इस सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
सम्मान समारोह के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी ने कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि खेल और सामाजिक गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं तथा उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखती हैं। उन्होंने उपस्थित सभी युवाओं से आह्वान किया कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान में युवाओं का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है और उनके प्रयासों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
इस अवसर पर रोहित रनिंग ग्रुप के कोच विनय राणा, रेलवे के सीनियर फुटबॉल खिलाड़ी पंकज चुघ, चेतन सिंगारी, खुश, युविका, यशिका, विजय शर्मा, अमृत, अद्वितीय, आर्यन गुप्ता, अंजल, सीनियर एथलीट अमर सिंह तथा राजा भांगड़ा क्लब की ओर से रूपिंदर सिंह, कुलविंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह, विनय सहित अन्य युवा खिलाड़ी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी ने सभी सम्मानित वॉलिंटियर्स को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी जिला पुलिस के जनहित एवं सामाजिक जागरूकता अभियानों में इसी उत्साह और समर्पण के साथ सहयोग करते रहेंगे।
Haryana, India | Aug 7, 2026