
अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी सख्त, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
कोडरमा। पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशिष के नेतृत्व में 15 अक्टूबर को पुलिस कार्यालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, अंचल पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई।
पुलिस के अनुसार, सितंबर 2026 में दर्ज 113 मामलों के मुकाबले 156 कांडों का निष्पादन किया गया। गंभीरता से कार्य करते हुए 150 प्रतिशत से अधिक कांडों का निष्पादन करने वाले थाना प्रभारियों को पुरस्कृत किया गया। वहीं, पिछले महीने विभिन्न मामलों में 64 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
महिला अपराध से जुड़े मामलों में 60 दिनों के भीतर आरोप पत्र समर्पित करने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने नशे के कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस के तहत सख्त कार्रवाई करने, चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पासपोर्ट सत्यापन के 331 मामलों का 15 दिनों के भीतर निष्पादन किए जाने की भी जानकारी दी गई। आगामी दुर्गापूजा को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अतिरिक्त गश्ती, बाइक पेट्रोलिंग और शक्ति स्क्वॉड के माध्यम से निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में पूजा कर सकें।