दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कोडरमा पुलिस अलर्ट मोड में है। जिले के पुलिस कप्तान कुमार शिवाशीष ने आम लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट नहीं करने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
एसपी ने बताया कि प्रमुख पूजा पंडालों और पूजा समितियों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। संवेदनशील मार्गों पर फ्लैग मार्च निकाला जाएगा, जबकि विसर्जन के दौरान ड्रोन से निगरानी होगी। सुरक्षा के मद्देनजर पंडालों में अग्निशमन यंत्र और सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया है। छिनतई और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में बाइक पेट्रोलिंग भी की जाएगी।
पुलिस पूजा समितियों के स्वयंसेवकों के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करेगी। एसपी ने स्पष्ट कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने लोगों से दुर्गा पूजा हर्षोल्लास के साथ मनाने, आपसी सौहार्द बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
Koderma, Kodarma | Oct 13, 2026