
मंदसौर में विकास कार्यों की हकीकत परखेंगे डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, जनसंवाद कर सुनेंगे ग्रामीणों की समस्याएं
मंदसौर। मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा शुक्रवार को मंदसौर जिले के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वे विभिन्न विकास कार्यों का मौके पर निरीक्षण करेंगे और मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11 बजे ग्राम चंदवासा (देव डुंगरी) पहुंचेंगे, जहां ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) एवं पर्यटन विभाग द्वारा संचालित निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे बरखेड़ा देवडुंगरी में उप स्वास्थ्य केंद्र, शासकीय विद्यालय और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। यहीं आयोजित ग्राम चौपाल में ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे। दोपहर 1 बजे लसूड़िया कदमाला में एक औद्योगिक इकाई का निरीक्षण करने के बाद वे दोपहर 2 बजे जनपद पंचायत परिसर, मल्हारगढ़ में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। दौरे के उपरांत उपमुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम मंदसौर में प्रस्तावित है।