
बैराज-चीला मार्ग पर आवागमन होगा सुगम, यमकेश्वर क्षेत्र के दर्जनों गांवों को मिलेगा बारहमासी संपर्क
सिद्धबली न्यूज डेस्क
कोटद्वार। बैराज-चीला-हरिद्वार मार्ग पर करीब 23 करोड़ रुपए की लागत से संचालित इस परियोजना का जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यह पुल ऋषिकेश और हरिद्वार के बीच वैकल्पिक मार्ग को अधिक सुगम बनाने के साथ ही यमकेश्वर प्रखंड के डांडामंडल क्षेत्र के 82 गांवों सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए आवागमन की सुविधा को मजबूत करेगा। विशेष रूप से बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रभावित होने वाले आवागमन को सुरक्षित और सुचारु बनाने में यह पुल अहम साबित होगा। इससे स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, रोजगार और रोजमर्रा के कार्यों के लिए आवाजाही में राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता निर्भय सिंह, सहायक अभियंता साहब सिंह सैनी, अपर सहायक अभियंता शशि प्रकाश सहित पुलिस तथा वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।